वीबीजी-रामजी अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में करें

मुंगेली, 13 अक्टूबर 2026/sns/- जिले में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने, निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में वीबी-जी-रामजी योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा ग्राम पंचायतों को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजना के प्रावधानों के अनुरूप ग्रामीणों को कार्य उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करें और विभागीय समन्वय के साथ कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में वीबी-जी-रामजी के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगारमूलक कार्यों को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। वन विभाग सहित संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर कार्य उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दें। इससे ग्रामीण परिवारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों में आवश्यक विकास कार्यों को भी गति मिल सकेगी।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन एवं जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार उचित कार्यवाही की जानी चाहिए। विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। जिन निर्माण कार्यों के लिए भूमि चिन्हांकन या भूमि उपलब्धता से संबंधित प्रकरण लंबित हैं, उनका प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया, ताकि विकास कार्यों को समय पर प्रारंभ एवं पूर्ण किया जा सके।
जाति, निवास सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों को लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने तथा पात्र आवेदकों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इससे विद्यार्थियों सहित अन्य हितग्राहियों को आवश्यक कार्यों में सुविधा मिल सकेगी। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने तथा आवश्यक कार्यवाही निर्धारित नियमों के अनुरूप समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अधिकारियों को आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लेने के लिए कहा गया।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान अविवादित एवं विवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के प्रकरणों की जानकारी ली गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इन प्रकरणों का नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही स्वामित्व योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे तथा एग्रीस्टैक के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, निर्माण कार्यों, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव एवं अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author