कलेक्टर श्री लंगेह ने ली समय सीमा की बैठक
महासमुंद, 13 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10ः00 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े मामलों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत की सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा एवं श्री रवि साहू सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि एल-1 स्तर पर प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए। प्रथम स्तर पर ही प्रकरणों के निराकरण के लिए अधिकारियों को 7 से 10 दिवस की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आवेदकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारी यह ध्यान रखें कि बिना कार्यवाही के आवेदन दूसरे स्तर पर स्थानांतरित न हो। साथ ही सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का नियमित अवलोकन करते हुए प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए।
धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में किसानों की सुविधा एवं सुचारू धान खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जो 20 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए है, उसमें आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने, किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने तथा खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अभी से ऐसे चेक पोस्ट का चिन्हांकन कर लें, जहां से अवैध धान की आवाजाही होती है। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर अवलोकन करने के निर्देश दिए हैं। ज्ञात है कि राज्य शासन द्वारा नवम्बर माह में धान की खरीदी प्रारंभ की जाएगी।
कलेक्टर श्री लंगेह ने बालिकाओं में लगने वाले एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को शिक्षा विभाग के साथ समन्वय करते हुए पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण सुनिश्चित करने निर्देशित किया। वहीं, सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए अभियान अंतर्गत शिविरों में प्राप्त आवेदनों के समय-सीमा पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। उन्होंने शहर में निर्माणाधीन सड़कों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर नाली निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग और पेड़ कटाई जैसे मुद्दों को शीघ्र निराकरण करने कहा गया है।
कलेक्टर ने अपार आईडी निर्माण की समीक्षा करते हुए शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने तथा शेष विद्यार्थियों का पंजीयन समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में ई-ऑफिस व्यवस्था एवं आधार आधारित उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था का नियमित रूप से पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री लंगेह ने पारस पोर्टल में संबंधित विभागों को अद्यतन जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में डीसीएस सर्वे की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा उन्होंने सर्वे के दौरान सभी संबंधित प्लॉट एवं आवश्यक अभिलेखों की जानकारी व्यवस्थित रूप से सही एवं अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पटवारियों को सर्वे किए गए प्लाॅट्स का अप्रूवल शीघ्र करने कहा गया है।
इसके अलावा कलेक्टर ने न्यायालय के प्रकरणों का जवाबदावा समय पर प्रस्तुत करने, बीबीजी रामजी, प्राधिकरण, पीएम आवास, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा जन शिकायतों की भी समीक्षा की। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रकरणों एवं प्रगति की जानकारी कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।