सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित’

अम्बिकापुर, 13 अक्टूबर 2026/sns/-    कार्यालय जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सरगुजा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर में राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के उद्देश्य, महत्व तथा इसमें सहभागिता की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में नवाचार के प्रति रुचि विकसित करना, नवीन विचारों और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना तथा उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से नवाचार में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा एवं नए विचारों को प्रस्तुत करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महाविद्यालय स्तर पर भी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया गया।
उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सरगुजा के प्रबंधक श्री अश्विनी शुक्ला एवं सहायक प्रबंधक श्री सूर्योदय कुमार साहू ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत मिलने वाले अनुदान, छूट एवं रियायतों, स्टार्टअप तथा राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की ओर से डॉ. उमेश पाण्डेय, सहायक प्राध्यापक हिंदी, डॉ. ब्रजेश कुमार, सहायक प्राध्यापक विधि, डॉ. रश्मित कौर, सहायक प्राध्यापक वाणिज्य, डॉ. तरुण कुमार राय, सहायक प्राध्यापक विधि तथा डॉ. शंपू तिर्की, सहायक प्राध्यापक वाणिज्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 200 से 250 छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं अन्य कर्मचारी भी शामिल हुए।
इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नवाचार के नए अवसरों से परिचित कराते हुए उनके विचारों को उद्यमिता एवं स्वरोजगार से जोड़ने और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में उनकी सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

About The Author