कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने भोरमदेव शक्कर कारखाने का किया निरीक्षण

कवर्धा, 13 अक्टूबर 2026/sns/- आगामी गन्ना पेराई सत्र की तैयारियों और शक्कर उत्पादन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, राम्हेपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारखाने की मशीनरी, गन्ना खरीदी, शक्कर उत्पादन और रखरखाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कारखाने में लगी मशीनों का अवलोकन किया और गन्ने से शक्कर तैयार करने की पूरी प्रक्रिया को समझा। उन्होंने अधिकारियों से गन्ना खरीदी, शक्कर उत्पादन की स्थिति और कारखाने की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, कारखाने में चल रहे रखरखाव (मेंटेनेंस) कार्यों का जायजा लेते हुए इन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी पेराई सत्र के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

किसानों को उन्नत गन्ना प्रजातियों की जानकारी देने के दिए निर्देश

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कारखाना परिसर में उन्नत गन्ना प्रजातियों के प्रदर्शन प्लॉट्स का अवलोकन किया। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से जिले के गन्ना किसानों को इन प्रदर्शन प्लॉट्स का भ्रमण कराने तथा उन्नत गन्ना प्रजातियों और आधुनिक खेती की तकनीकों के प्रति प्रेरित एवं जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी देकर गन्ने की उत्पादकता और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि किसान इन तकनीकों को अपनाकर लाभान्वित हो सकें।

About The Author