मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम से मिला 2 लाख रुपये का सहारा, संकट में संबल बनी प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना

मोहला, 13 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसी उद्देश्य के तहत जिला अग्रणी बैंक एवं वित्तीय साक्षरता केन्द्र, बैंक ऑफ बड़ौदा, मोहला के प्रयासों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना ने ग्राम डूमरटोला निवासी श्री झुमुकलाल सिन्हा के परिवार को कठिन समय में आर्थिक संबल प्रदान किया है। मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम वाली इस योजना के तहत परिवार को 2 लाख रुपये की बीमा राशि प्राप्त हुई। श्री झुमुकलाल सिन्हा के पुत्र दिनेश कुमार का खाता ग्रामीण बैंक, दनगढ़ शाखा में था। उनके खाते से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष 20 रुपये का प्रीमियम कटता था। विवाह समारोह से अपने पिता के साथ घर लौटते समय सड़क दुर्घटना में दिनेश कुमार की मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और वृद्ध पिता के सामने अपने बेटे के दो बच्चों की जिम्मेदारी निभाने की चुनौती आ गई। इस कठिन परिस्थिति में वित्तीय साक्षरता शिविर के दौरान मनीवाइज समर्पित के ब्लॉक काउंसलर एवं वित्तीय साक्षरता केन्द्र के माध्यम से परिवार को योजना की जानकारी मिली। इसके बाद बीमा दावा प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की गई। बैंक द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद नामांकित हितग्राही श्री झुमुकलाल सिन्हा को 2 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई। यह राशि परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने और बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारियों को निभाने में महत्वपूर्ण सहायता साबित होगी। श्री झुमुकलाल सिन्हा ने बताया कि उन्हें विश्वास नहीं था कि मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम से जुड़ी योजना कठिन समय में इतनी बड़ी आर्थिक सहायता उपलब्ध करा सकती है। बेटे को खोने का दुख कभी पूरा नहीं हो सकता, लेकिन बीमा राशि मिलने से परिवार को आर्थिक सहारा मिला है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा पहल है। इसके अंतर्गत 18 से 70 वर्ष आयु वर्ग के पात्र बचत खाताधारकों को दुर्घटना में मृत्यु या पूर्ण स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 2 लाख रुपये तथा निर्धारित आंशिक स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 1 लाख रुपये का बीमा कवर प्रदान किया जाता है। मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम वाली यह योजना जरूरत के समय परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

About The Author