बेटियां बनेंगी जागरूक और सशक्त, गंगालूर में छात्राओं को दी गई कानूनी अधिकारों एवं साइबर सुरक्षा

बीजापुर, 14 अक्टूबर 2026/sns/- बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस आदिवासी विद्यालय, गंगालूर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला एवं बाल संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव, कानूनी अधिकारों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उपलब्ध सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री विक्रम सिंह एवं जेंडर विशेषज्ञ सुश्री उर्वशी नाग ने छात्राओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए शासन द्वारा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका आवश्यकता पड़ने पर उपयोग किया जा सकता है।

संकट के समय मददगार बनेंगे हेल्पलाइन नंबर- कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सहायता नंबर 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही इन नंबरों के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने एवं सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई।
छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता तथा अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन संपर्क के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, उत्पीड़न अथवा असुरक्षित परिस्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

महिलाओं के कानूनी अधिकारों एवं संरक्षण सेवाओं की दी जानकारी- कार्यक्रम में घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 सहित महिलाओं एवं बच्चों के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त सखी वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध सहायता, परामर्श एवं संरक्षण सेवाओं तथा जिला स्तरीय महिला सशक्तीकरण केंद्र की भूमिका से भी छात्राओं को अवगत कराया गया। जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने अधिकारों को पहचानने और आवश्यकता पड़ने पर बिना संकोच सहायता प्राप्त करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर छात्राओं को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत बालिका शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण की शपथ दिलाई गई। छात्राओं ने अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महिला संरक्षक अधिकारी श्रीमती शीला भारद्वाज, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

About The Author