सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर आयोजित
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 14 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को जिला अस्पताल सारंगढ़ के सभाकक्ष में समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता एवं यूडीआईडी प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने, आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता प्रमाणीकरण एवं अन्य सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर प्रदान करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री ज्योति पटेल ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का वितरण किया। उन्होंने दिव्यांगजनों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कुल 281 दिव्यांगजनों ने सहभागिता की। इस दौरान उनके परिजन भी उपस्थित रहे।
शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र 15 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप व्हीलचेयर, छड़ी, बैसाखी एवं श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इन उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में आवागमन एवं अन्य गतिविधियों में सुविधा मिलेगी। साथ ही 14 दिव्यांगजनों को निःशुल्क बस यात्रा के लिए परिवहन पास प्रदान किए गए, जिससे उन्हें आवागमन में राहत मिलेगी।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के जिला मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांगता प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मेडिकल बोर्ड के माध्यम से दिव्यांगजनों को आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन एवं प्रमाणपत्र संबंधी सुविधाएं प्रदान की गईं। इस अवसर पर 10 दिव्यांगजनों को मौके पर ही यूडीआईडी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रमाणपत्र मिलने से पात्र दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी।
दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत दो दंपतियों को मिली आर्थिक सहायता
शिविर में दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत दो पात्र दंपतियों को 50-50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इस प्रकार दोनों दंपतियों को कुल एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिली। योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों के सामाजिक सशक्तिकरण, सम्मानजनक जीवन एवं आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं से जोड़ने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिला। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के श्री विनय तिवारी, जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल, स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।