सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अम्बिकापुर, 14 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सरगुजा द्वारा आज शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, अम्बिकापुर में राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों तथा महाविद्यालय के अन्य कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य नवाचार में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों एवं युवाओं को नए विचारों, रचनात्मक सोच और उद्यमशीलता की भावना के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी प्रतिभा को उपयुक्त मंच प्रदान करना है। विद्यार्थियों को चैलेंज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने, ऑनलाइन आवेदन करने तथा महाविद्यालय स्तर पर इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत मिलने वाले अनुदान, छूट एवं रियायतों तथा स्टार्टअप से संबंधित प्रावधानों से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से इच्छुक युवा स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं और अपने नवाचारी विचारों को व्यावसायिक रूप दे सकते हैं।
प्रभारी मुख्य महाप्रबंधक श्री सी.डी. प्रसाद की उपस्थिति में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक श्री अश्विनी शुक्ला, सहायक प्रबंधक श्री सूर्योदय कुमार साहू एवं सहायक प्रबंधक श्री संदीप पन्ना ने विद्यार्थियों को विभिन्न योजनाओं, उनके लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, अम्बिकापुर के प्राचार्य श्री आर.जे. पाण्डेय एवं व्याख्याता श्री संदीप सरवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नवाचार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने तथा राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में उनकी सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया गया।