प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान: पंजीयन 31 अक्टूबर तक

मुंगेली, 15 अक्टूबर 2026/sns/- दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम लागू की गई है। इस योजना के तहत खरीफ एवं रबी मौसम की चयनित दलहनी और तिलहनी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी। खरीफ मौसम 2026 के लिए किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
कृषि विभाग के उपसंचालक ने बताया कि अभियान के अंतर्गत खरीफ सीजन में अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी। वहीं, रबी सीजन में चना, मसूर एवं सरसों को इस योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करना तथा किसानों को उनकी उपज के लिए निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उपलब्ध कराना है। योजना का लाभ लेने के लिए दलहन एवं तिलहन उत्पादक किसानों का प्राथमिक सेवा सहकारी समिति के माध्यम से एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन होना आवश्यक है। पंजीयन प्रक्रिया एवं योजना से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी अथवा प्राथमिक सेवा सहकारी समिति से संपर्क कर सकते हैं।

About The Author