जिला अस्पताल में टाइप-1 डायबिटीज क्लिनिक का शुभारंभ, 6 बच्चों को वितरित की गई डायबिटीज किट

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 अक्टूबर 2026/sns/- जिला अस्पताल सारंगढ़ में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टाइप-1 डायबिटीज क्लिनिक का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय एवं कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू द्वारा फीता काटकर किया गया। इस दौरान 6 बच्चों को डायबिटीज किट वितरित की गई तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के लिए डाइट चार्ट भी प्रदान किया गया।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बच्चों एवं उनके परिजनों से चर्चा करते हुए डाइट चार्ट का नियमित रूप से पालन करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार एवं चिकित्सकों की सलाह का पालन करना आवश्यक है। कलेक्टर ने संबंधित चिकित्सकों को जिले में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चिरायु टीम को भी निर्देशित किया कि जिले में चिन्हांकित बच्चों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

कलेक्टर ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

क्लिनिक के शुभारंभ के बाद कलेक्टर ने जिला अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, आपातकालीन कक्ष, ड्रेसिंग रूम एवं इंजेक्शन रूम का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

महिला वार्ड में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर कलेक्टर ने उपचार, दवाइयों की उपलब्धता एवं अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को समय पर बेहतर उपचार एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की कैंटीन का भी अवलोकन किया। उन्होंने कैंटीन संचालक को मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए कैंटीन में टेबल और कुर्सियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

About The Author