केवीके में महिला किसान दिवस का आयोजन, प्रगतिशील महिला किसानों को किया सम्मानित
सुकमा, 15 अक्टुबर 2026/sns/-कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग, सुकमा के संयुक्त तत्वावधान में आत्मा योजनांतर्गत महिला किसान दिवस 2026 एवं मासिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्री संतोष इडो ने महिला किसानों के कृषि, बीज संरक्षण, सब्जी उत्पादन, वनोपज संग्रहण एवं पशुपालन में योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्राकृतिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों, पोषण सुरक्षा और पशुपालन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया। श्रीमती ममता भारती एवं प्रगतिशील महिला किसान श्रीमती आराधना मरकाम ने महिलाओं को खेती के साथ बकरीपालन, मुर्गीपालन और पारंपरिक कृषि ज्ञान के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री राजेन्द्र प्रसाद कश्यप तथा कृषि विभाग के एसडीओ श्री सुधीर खुजूर ने कृषि तकनीकों और शासकीय योजनाओं की जानकारी साझा की।
मासिक कार्यशाला में आगामी फसल सीजन की तैयारी, फसल चयन और किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिले के कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों सहित कुल 79 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 42 महिला किसान, 9 पुरुष किसान और 28 अधिकारी शामिल रहे। आयोजन का उद्देश्य महिला किसानों को प्रोत्साहित कर कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।