सुकमा के अंदरूनी गांवों तक पहुंच रहे बीएलओ
सुकमा, 16 अक्टुबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के लिए विशेष पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी अंदरूनी एवं दूरस्थ गांवों में घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूटे पात्र नागरिकों की पहचान कर रहे हैं और उन्हें फॉर्म-6 भरकर आवेदन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नाम शामिल नहीं करा सके नागरिकों का पात्रता के आधार पर पुनः सत्यापन भी किया जा रहा है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद निर्वाचन अमला यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इस कार्य में BLO App एवं ECINET जैसे डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग किया जा रहा है।
युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने पर जोर, स्कूलों में ELC गतिविधियों से बढ़ रही जागरूकता मतदाता जागरूकता कार्यक्रम (SVEEP) के अंतर्गत जिले के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में निर्वाचक साक्षरता क्लब (ELC)के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाता पंजीयन की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, 17 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं को अग्रिम आवेदन की सुविधा के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि निर्धारित पात्रता तिथि पूरी होने पर उनका पंजीयन समय पर हो सके। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए BLO को प्रशिक्षण दिया गया है, वहीं संबंधित तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मैदानी कार्यों की नियमित निगरानी कर रहे हैं।
पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर कराएं पंजीयन, हेल्पलाइन 1950 से मिलेगी सहायता जिला निर्वाचन कार्यालय सुकमा ने अपील की है कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर पंजीयन के लिए आवेदन करें। इसके लिए अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है अथवा मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। मतदाता पंजीयन एवं निर्वाचन संबंधी सहायता के लिए निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों से विशेष अभियान का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।