सेवा संकल्प अभियान: सेवा की कहानी
जांजगीर-चांपा, 16 अक्टूबर 2026/sns/- खेती-किसानी में बीज, खाद और अन्य जरूरी सामग्री की व्यवस्था के लिए समय पर राशि उपलब्ध होना किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली राशि से जिले के ग्राम सलखन, विकासखंड नवागढ़ निवासी किसान श्री मेघमणि साहू अपनी कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा कर रहे हैं।
श्री मेघमणि साहू ने बताया कि वे लगभग 3 एकड़ 25 डिसमिल कृषि भूमि पर खेती करते हैं। फसल की बुआई से लेकर अन्य कृषि कार्यों तक उन्हें विभिन्न सामग्रियों की आवश्यकता होती है। ऐसे में योजना के तहत उनके बैंक खाते में आने वाली राशि से इन खर्चों की व्यवस्था करने में सुविधा होती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में दिए जाते हैं। इस राशि का उपयोग किसान अपनी जरूरतों के अनुसार खेती से जुड़े खर्चों के लिए कर सकते हैं। श्री मेघमणि साहू के लिए यह योजना कृषि कार्यों के दौरान होने वाले खर्चों की व्यवस्था का एक उपयोगी माध्यम बनी है।