चार दिनों तक सजेगा खेलों का महाकुंभ

अम्बिकापुर, 19 अक्टूबर 2026/sns/-   छत्तीसगढ़ की 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ शुक्रवार, 23 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे अंबिकापुर स्थित शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के क्रीड़ांगन में होगा। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के पांचों संभागों से 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 595 खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के अंतर्गत फुटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और सॉफ्ट टेनिस की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। फुटबॉल में 19 वर्ष आयु वर्ग की बालक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। बैडमिंटन में 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के मुकाबले होंगे। बास्केटबॉल में 14 एवं 17 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। वहीं, सॉफ्ट टेनिस में 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के बीच मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाले खिलाड़ी इन स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, खेल कौशल को निखारने और राज्य स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रहीं हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि वे बेहतर वातावरण में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता से सरगुजा जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, विभिन्न संभागों से आने वाले खिलाड़ियों को आपसी संवाद, खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता न केवल विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करेगी, बल्कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और भविष्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अंबिकापुर में आयोजित होने वाला यह खेल आयोजन जिले के लिए गौरव का अवसर होगा।

About The Author