विजयादशमी आज : नरहरदेव मैदान में 50 फीट ऊंचे रावण के साथ जलेंगे मेघनाद व कुंभकर्ण, तैयारियां पूरी
कांकेर , 17 अक्टुबर 2026/sns/- शहर में विजयादशमी का पावन पर्व आज हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के ऐतिहासिक नरहरदेव मैदान में भव्य आतिशबाजी के बीच रावण दहन का आयोजन होगा। कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित रूप देने के लिए नगर पालिका प्रशासन, जिला प्रशासन, पुलिस महकमा, स्थानीय विधायक और आयोजन समिति ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मैदान में उमड़ने वाले हजारों दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य और रंगारंग आतिशबाजी होगी। सुरक्षा के लिहाज से पूरे मैदान परिसर में पुख्ता और मजबूत बैरिकेडिंग कराई गई है। इसके साथ ही महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के सुगमता से बैठने के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए गए हैं। विधायक ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें, ताकि बैठने के लिए समुचित जगह मिल सके और व्यवस्था बनी रहे। नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक ने बताया कि नरहरदेव मैदान में इस वर्ष रावण का 50 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। इसके साथ ही कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों को भी अंतिम रूप देकर खड़ा कर दिया गया है। मंच निर्माण, ध्वनि विस्तारक यंत्र, बैरिकेडिंग और आकर्षक दूधिया रोशनी की पूरी व्यवस्था कर ली गई है। पुतला दहन से पहले लोक कलाकारों द्वारा पारंपरिक राम-रावण युद्ध प्रसंग का सजीव मंचन किया जाएगा, जो दर्शकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र होगा।
आज का कार्यक्रम विवरण
शाम 5 बजे शहर के ऐतिहासिक मेलाभाटा मैदान में रावण दहन का आयोजन होगा। शाम 5:30 बजे नरहरदेव मैदान में लोक कलाकारों द्वारा राम-रावण युद्ध प्रसंग का जीवंत मंचन शुरू होगा। शाम 6:30 बजे अतिथियों और आयोजन समिति द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन के बाद 50 फीट ऊंचे रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन एवं भव्य आतिशबाजी होगी।