वीबीजी-रामजी के कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय-सीमा में करें निर्माण पूरा: सीईओ जिला पंचायत

मुंगेली, 22 अक्टूबर 2026/sns/- ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण करने और गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबीजी-रामजी) अंतर्गत जिले में चल रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, तकनीकी गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों के पालन का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनपद पंचायत मुंगेली के ग्राम पंचायत कोना में प्रगतिरत सॉइल कन्जर्वेशन ट्रीटमेंट (एससीटी) कार्य का निरीक्षण किया गया। सीईओ श्री रावटे ने मिट्टी के कटाव को रोकने के उद्देश्य से बनाई जा रही संरचनाओं की तकनीकी मापदंडों के अनुरूप जांच की। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्माण को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि मिट्टी संरक्षण के उद्देश्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। जनपद पंचायत लोरमी के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोतरी एवं बिठलदह में नए तालाब निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। वहीं, ग्राम पंचायत विचारपुर में आजीविका डबरी तथा ग्राम पंचायत धोबघट्टी में बालिका शौचालय और वाटर स्टॉर्म ड्रेन निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया।
सीईओ ने तालाबों की जलभराव क्षमता, आजीविका डबरी से खेतों तक पानी की उपलब्धता तथा बालिका शौचालयों में छात्राओं की सुविधा को प्राथमिकता में रखते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित सरपंचों एवं सचिवों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ उपयोगिता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि तैयार परिसंपत्तियों का लाभ ग्रामीणों को लंबे समय तक मिल सके। निरीक्षण के दौरान श्री रावटे ने सभी कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही, मजदूरों को समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने और जॉब कार्डधारी श्रमिकों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी, संबंधित जनपदों के कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

About The Author