कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं

अम्बिकापुर, 26 अक्टूबर 2026/sns/-  कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सोमवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। बैठक में जिले में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों में प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों पर प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री प्रताप विजय खेस्स, नगर निगम आयुक्त श्री विनय अग्रवाल सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने, संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने निर्देश दिए। वहीं डीएमएफ अंतर्गत वसूली प्रकरणों की स्थिति, डीएमएफ अंतर्गत अपूर्ण कार्यों की जानकारी, जाति प्रमाणपत्र एवं जन्म प्रमाणपत्र निर्माण में प्रगति की जानकारी, मुआवजा प्रकरणों सहित अन्य विषयों पर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि पर समीक्षा की गई।
इस दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि आगामी 29 अक्टूबर को  मुख्यमंत्री का जिला आगमन प्रस्तावित है। उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने निर्देशित किया।

मौसम विभाग द्वारा जारी चक्रवात और भारी बारिश की चेतावनी पर कलेक्टर श्री वसंत ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के दिए निर्देश-

कलेक्टर श्री वसंत ने मौसम विभाग द्वारा जारी चक्रवात संबंधी चेतावनी एवं प्रदेश में संभावित भारी वर्षा को देखते हुए  सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार चक्रवात के उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर लैंडफॉल करने की संभावना है। इसके प्रभाव से 27 अक्टूबर को सुकमा एवं दंतेवाड़ा तथा 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में वर्षा होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कलेक्टर श्री वसंत ने निर्देश दिए कि जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखें तथा मौसम संबंधी चेतावनियों पर लगातार नजर बनाए रखें। राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, पंचायत, स्वास्थ्य, विद्युत सहित सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निचले इलाकों, जलभराव एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने  कहा।  उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को  एसडीआरएफ, होमगार्ड एवं अन्य बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रखने तथा जलाशयों और बांधों के जलस्तर की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि संभावित वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए आम नागरिकों तक समय पर चेतावनी पहुंचाई जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके।

राज्योत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम 2 नवंबर को, गरिमामय कार्यक्रम आयोजन की तैयारी करें – कलेक्टर
कलेक्टर श्री वसंत ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर 2026 को प्रस्तावित एक दिवसीय राज्योत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिले में गरिमामय और शांतिपूर्ण ढंग से राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजन की तैयारियां सुनिश्चित करने कहा।  कलेक्टर ने राज्योत्सव कार्यक्रम के गरिमामय आयोजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर आवागमन, स्टॉल, साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, मंच एवं बैठक व्यवस्था सहित अन्य सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय सीमा में निर्वहन करने कहा।

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ-
कलेक्टर ने अधिकारियों को भ्रष्टाचार खत्म करने और सत्यनिष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान अधिकारियों ने ईमानदारी एवं पारदर्शिता से कार्य करने, रिश्वत न लेने-देने, जनहित में कार्य करने तथा भ्रष्टाचार की घटनाओं की सूचना उचित एजेंसी को देने का संकल्प लिया। शपथ में सभी नागरिकों से भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहने और इसके उन्मूलन में सहयोग करने का आह्वान किया गया।

About The Author