बीजापुर जिले की 155 ग्राम पंचायतों में विकास के 551 नए कार्य शुरू, 12 हजार से अधिक ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार

बीजापुर, 27 अक्टूबर 2026/sns/- जिले की 155 ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों की मांग के आधार पर विकास के 551 नए निर्माण कार्य शुरू किए गए हैं। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत संचालित इन कार्यों से वर्तमान में 12,060 ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को अपने गांव में ही रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। योजना के अंतर्गत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में लगातार निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों में पौधरोपण, श्मशान घाट निर्माण, बालिका शौचालय, आजीविका डबरी, रेत फिल्टर तथा कंटूर ट्रेंच निर्माण, बोल्डर चेक डेम निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में वीबी-जी राम जी योजनांतर्गत अब तक जिले में कुल 1,71,915 मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं। योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों में प्रतिदिन श्रमिकों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। ग्रामीणों की मांग के अनुरूप गांवों में विकास कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है। इससे ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा मिलने के साथ ही गांवों में आवश्यक निर्माण एवं विकास कार्यों को गति मिल रही है।

About The Author