दीपावली के अवसर पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने विशेष जांच अभियान जारी

महासमुंद, 27 अक्टूबर 2026/sns/- दीपावली पर्व के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण रखने जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, छत्तीसगढ़ एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरंतर निरीक्षण, खाद्य नमूनों का संकलन एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है।

दीपावली पर्व के मद्देनजर अक्टूबर 2026 में अब तक जिले में कुल 29 खाद्य नमूने संकलित किए गए हैं। इनमें 16 विधिक नमूने एवं 13 सर्विलेंस नमूने शामिल हैं। जांच अभियान के अंतर्गत दही, खोया, मैगी, साबूदाना, शक्कर, मूंगफली, सूजी, रसगुल्ला, सोनपापड़ी, खाद्य तेल, पनीर, पेड़ा, कलाकंद, कॉफी पाउडर, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, बूंदी लड्डू, दूध, बर्फी, मिल्क केक, मावा टोस्ट एवं सिल्वर लीफ (चांदी का वर्क) सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए हैं। इन नमूनों के माध्यम से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की जांच की जा रही है। अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में भी विभिन्न अनियमितताएं सामने आई हैं। मेसर्स श्री भैरव बीकानेर स्वीट्स, महासमुंद एवं मेसर्स केसरिया ढाबा, घोड़ारी में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, मेसर्स होटल हवेली इन, झलप के किचन में स्वच्छता का अभाव पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा सुधार सूचना (इंप्रूवमेंट नोटिस) जारी करने की अनुशंसा की गई है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला महासमुंद ने आम नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर्व के दौरान मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें तथा खाद्य पदार्थ विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदें। पैकेटबंद खाद्य सामग्री लेते समय निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, सामग्री का विवरण एवं अन्य आवश्यक लेबल संबंधी जानकारियों की जांच अवश्य करें। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता अथवा मिलावट संबंधी किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें। दीपावली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट पर नियंत्रण रखने तथा नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विशेष जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।

About The Author