स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक मरीजों का हुआ उपचार

मुंगेली, 30 अक्टूबर 2026/sns/- आम नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 200 से अधिक मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार का लाभ लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। शिविर में नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बंजारे, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. एम.के. राय, एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. विजेन्द्र पाटले तथा डॉ. हर्षा राय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी।
शिविर में सर्दी, खांसी, बुखार एवं अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों के साथ शुगर (मधुमेह) की जांच, कान-नाक-गला संबंधी समस्याओं तथा गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही टीकाकरण संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

About The Author