युवा रत्न सम्मान के जिला स्तरीय निर्णायक मंडल में आयुक्त नगर निगम नामित
दुर्ग, 30 अक्टूबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवा कल्याण के विभिन्न क्षेत्र में किए गए अविस्मरणीय कार्य, सेवाओं तथा अभिनव प्रयास के लिए सम्मानित करने और उनमें एक राष्ट्रीय कीर्तिमान विकसित करने की दृष्टि से ’युवा रत्न सम्मान’ की स्थापना किया गया है। इस कार्य में व्यक्तियों/संगठनों के योगदान को प्रोत्साहन करने, मान्यता देने एवं प्रतिष्ठा मंडित करने के उद्देश्य से राज्य शाासन के इस क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों, संगठनों को युवा रत्न सम्मान प्रदाय किया जाता है। ‘युवा रत्न सम्मान’ के लिए जिला स्तरीय निर्णायक मंडल में बदलाव किया गया है। अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन के स्थानांतरण के बाद उनके स्थान पर आयुक्त नगर निगम दुर्ग सुश्री लीना कोसम को महिला सदस्य के रूप में नामांकित किया गया है।
निर्धारित आदेश के अनुसार जिला स्तरीय निर्णायक मंडल के अध्यक्ष कलेक्टर दुर्ग होंगे। आयुक्त नगर निगम दुर्ग सुश्री लीना कोसम महिला सदस्य, संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण दुर्ग सदस्य सचिव, जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग, उपनिदेशक नेहरू युवा केंद्र संगठन (माय भारत) दुर्ग तथा जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी दुर्ग सदस्य होंगे। समिति के सदस्य ’युवा रत्न सम्मान’ अंतर्गत सम्मान के क्षेत्र चयन की प्रक्रिया जिला स्तर पर निर्णायक मंडल एवं चयन प्रक्रिया उनकी शक्तियां व सम्मान की घोषणा का उल्लेख शासन द्वारा जारी युवा रत्न सम्मान मार्गदर्शिका में उल्लेखित दिशा-निर्देशों के अनुसार जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।