जिले में उत्साहपूर्वक मनाया गया पीएम किसान उत्सव, किसानों के खातों में जारी हुई 24वीं किस्त

मोहला, 30 अक्टूबर 2026/sn/s- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले में पीएम किसान उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा योजना की 24वीं किस्त जारी की गई। कार्यक्रम के माध्यम से जिले के किसानों ने प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण से जुड़कर इस महत्वपूर्ण अवसर में सहभागिता की।
जिले में विकासखंड मोहला, मानपुर एवं अंबागढ़ चौकी के जनपद पंचायत कार्यालयों सहित जिला मुख्यालय स्थित उप संचालक कृषि कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के किसानों तक कार्यक्रम की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विकासखंड मोहला के भोजटोला, पिडिंगपार, सोमाटोला, मोतीपुर, माड़िंगपिडिंग, भूरसा एवं धनगढ़ तथा विकासखंड मानपुर के भरीटोला एवं खरदी सहित विभिन्न ग्रामों में स्थानीय किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के लाइव कार्यक्रम को देखा और सुना।
जिले की समस्त सहकारी समितियों में भी कृषि एवं सहकारिता विभाग के समन्वय से पीएम किसान उत्सव का आयोजन किया गया। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को भी कार्यक्रम से जुड़ने तथा योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में कृषि स्थायी समिति की सभापति श्रीमती इंद्रा बाई कोमरे, जनपद सदस्य श्रीमती सीता बाई कांगरे, श्रीमती अनिता जायसवाल, श्री कनक नागवंशी, श्री रतन तारम, श्री चैतराम कोमरे एवं श्री नावश ठाकुर उपस्थित रहे। इसके अलावा उप संचालक कृषि श्री आर.के. पिस्दे, सहायक संचालक कृषि श्री एस.के. सिक्या सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पीएम किसान उत्सव के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त जारी होने की जानकारी देने के साथ ही शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। कृषि एवं सहकारिता विभाग के समन्वित प्रयासों से जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों तक कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया।

About The Author