“सशक्त नारी, युवा उड़ान“ के संकल्प के साथ मिनी स्टेडियम में सजेगा भव्य मंच
सुकमा, 01 नवम्बर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर जिला प्रशासन सुकमा द्वारा 2 नवम्बर 2026 (सोमवार) को जिला स्तरीय “राज्योत्सव 2026“ का भव्य और गरिमामयी आयोजन स्थानीय मिनी स्टेडियम में किया जा रहा है। शाम 5ः00 बजे से आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक समारोह की सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष राज्योत्सव का मुख्य ध्येय “सशक्त नारी, युवा उड़ान“ रखा गया है, जो बस्तर अंचल सहित पूरे प्रदेश के समग्र विकास में मातृशक्ति के सशक्तिकरण और युवाओं की अग्रणी ऊर्जा को रेखांकित करता है।
जिलास्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम होंगे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति में यह जिला स्तरीय राज्योत्सव संपन्न होगा। कार्यक्रम के आरंभ में शाम 5ः00 बजे से स्कूली बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिसके पश्चात शाम 6ः00 बजे से मुख्य मंच के औपचारिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। समारोह स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा जनहितैषी व जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक विकास प्रदर्शनियां लगाई जा रही हैं, जिनके माध्यम से शासन की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा।
शाम 6ः45 बजे से सुकमा अंचल के स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा माटी की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, परंपरा और लोक-नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। बस्तर की धड़कन और पारंपरिक धुनों से सजी यह सांस्कृतिक संध्या स्थानीय कला और संस्कृति को एक सशक्त मंच प्रदान करेगी, जिससे पूरा वातावरण लोक-उत्सव के रंग में रंगा नजर आएगा। इस गरिमामयी समारोह का मुख्य आकर्षण रात 8ः00 बजे से होने वाली मशहूर म्यूजिक बैंड “इंडियन रोलर“ की शानदार लाइव प्रस्तुति रहेगी। अपनी सुरमयी धुनों और ऊर्जावान संगीत से यह बैंड राज्योत्सव की शाम को यादगार बनाएगा। युवाओं और संगीत प्रेमियों के लिए यह प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र होगी, जिसे लेकर जिलेभर के युवाओं में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने जिले के सभी नागरिकों, प्रबुद्धजनों, मातृशक्ति, मीडिया प्रतिनिधियों और युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मिनी स्टेडियम पहुंचकर छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के इस गौरवशाली और उल्लासमय पर्व के साक्षी बनें। उन्होंने सभी जिलेवासियों को सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर जिले के विकास और सांस्कृतिक गौरव को साझा करने का सादर आमंत्रण दिया है।