बीजापुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई विकसित भारत युवा संसद -युवाओं ने एक देश
बीजापुर, 02 नवंबर 2026/sns/- युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्त निकाय ‘माय भारत‘ (MY Bharat) द्वारा 31 अक्टूबर को पोर्टा केबिन ऑडिटोरियम हॉल, बीजापुर में ‘विकसित भारत युवा संसद‘ (Viksit Bharat Youth Parliament) का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मयंक मंडावी (डिप्टी कलेक्टर, बीजापुर) उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री सिद्धांत दुबे (सहायक संचालक, उद्योग), श्री जाकिर खान (शिक्षा विभाग) एवं श्री अरुण साहू (प्राचार्य, पीजी कॉलेज) ने कार्यक्रम में शामिल होकर युवाओं का मार्गदर्शन किया। इस युवा संसद का मुख्य विषय ‘एक देश, एक चुनाव‘ था, जिसमें 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। प्रत्येक प्रतिभागी ने विषय के पक्ष अथवा विपक्ष में 3 मिनट के भीतर अपने तार्किक विचार और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के विजेताः- निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के पश्चात निम्नलिखित युवाओं को विजेता घोषित किया गयाः- प्रथम पुरस्कारः दीपक बेलेसरीया, द्वितीय पुरस्कार नंदिनी साहू, तृतीय पुरस्कार तनुजा वाट्टी को प्राप्त हुआ।
अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ये विजेता अब राज्य स्तरीय युवा संसद में बीजापुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में, जिला युवा अधिकारी श्री आदित्य पांडे ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में इसी प्रकार अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।