जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा: जिले के 16 परीक्षा केंद्रों में 28 नवंबर को
मुंगेली 02 नवंबर 2026/sns/- पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, दाबो में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठवीं में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के प्रवेश पत्र जारी कर दिया गया है। जिले के सभी विकासखंडों में 16 परीक्षा केंद्रों पर 28 नवंबर 2026 शनिवार को सुबह 11.30 बजे से दोपहर 01.30 बजे तक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिले के 05 हजार 375 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है।
विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/AdminCard/Admit2027Card के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर एवं विद्यार्थी की जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। ऑनलाइन आवेदन अथवा प्रवेश पत्र में विद्यार्थी के नाम, लिंग, वर्ग (सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति), जन्मतिथि, क्षेत्र (ग्रामीण अथवा शहरी), शैक्षणिक सत्र या पते से संबंधित किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर प्रधानपाठक अथवा सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ जल्द से जल्द कार्यालय प्राचार्य, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, दाबो में आवेदन एवं दस्तावेज जमा करना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।