पीएम सूर्य घर योजना में खैरा गांव की ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी राज्योत्सव में सम्मानित
राजनांदगांव, 04 नवंबर 2026/sns/- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत राजनांदगांव जिले के ग्राम खैरा को देश का पहला शत-प्रतिशत सौर गांव बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 के अवसर पर सम्मानित किया गया। राज्योत्सव समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री एवं राजनांदगांव जिले के प्रभारी मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने सहायक अभियंता श्री प्रकाश नारायण वर्मा एवं कनिष्ठ अभियंता सुश्री एकता साहू को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर रू मुफ्त बिजली योजना के तहत ग्राम खैरा के सभी 141 घरों की छतों पर 2 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इससे गांव में लगभग 282 किलोवाट की कुल सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता विकसित हुई है। 889 की आबादी वाले इस गांव ने शत-प्रतिशत घरों को सौर ऊर्जा से जोड़कर देश में एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
इस उपलब्धि की विशेषता यह है कि ग्रामीण परिवारों को सोलर सिस्टम स्थापना के लिए अपनी ओर से कोई राशि खर्च नहीं करनी पड़ी। केंद्र एवं राज्य शासन से मिलने वाली सब्सिडी के बाद शेष राशि की व्यवस्था कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के सहयोग से की गई। गांव के 141 सोलरयुक्त घरों में से 93 प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों के हैं। इससे जरूरतमंद और सीमित आय वाले परिवारों को भी स्वच्छ ऊर्जा का लाभ मिला है।
ग्राम खैरा में योजना के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने में विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। ग्रामीणों को योजना की जानकारी देने, पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने, आवेदन एवं दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण कराने तथा विभिन्न स्तरों पर आवश्यक समन्वय स्थापित करने में विभागीय टीम ने समर्पित भाव से कार्य किया। स्थानीय महिलाओं, पीएम सूर्य सखियों, स्व-सहायता समूहों और ग्राम पंचायत की जनभागीदारी ने भी इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित होने से अब ग्रामीण अपनी छतों पर स्वयं बिजली का उत्पादन कर रहे हैं। नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत घरेलू उपयोग के बाद अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड में भेजने की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे बिजली बिल में राहत मिलने के साथ ग्रामीण बिजली उपभोक्ता से ऊर्जा उत्पादन में सहभागी बनकर ऊर्जादाता की भूमिका निभा रहे हैं।
राज्योत्सव समारोह में प्रभारी मंत्री श्री गजेंद्र यादव द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के समर्पण, कार्यकुशलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ग्राम खैरा की यह उपलब्धि राजनांदगांव जिले के लिए गौरव का विषय होने के साथ प्रदेश और देश के अन्य गांवों के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण बन गई है। यह पहल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, बिजली उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत पहुंचाने और ग्रामीण भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।