कृषक उन्नति योजना के नवीन दिशा-निर्देश जारी, किसानों को प्रति एकड़ मिलेगी 13,839 रुपए की आदान सहायता
बीजापुर, 14 नवंबर 2026/sns/- राज्य शासन द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए खरीफ वर्ष 2026 से कृषक उन्नति योजना के क्रियान्वयन हेतु नवीन दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत पात्र किसानों को धान के बोए गए सत्यापित रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की एकसमान आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस निर्णय से जिले के धान उत्पादक किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
राज्य शासन द्वारा जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार विपणन वर्ष 2026-27 में मार्कफेड के माध्यम से प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों एवं लैम्पस द्वारा उपार्जित धान तथा बीज निगम द्वारा उपार्जित धान बीज के बोए गए सत्यापित रकबे पर किसानों को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।