सुकमा जिले के 1.60 लाख मतदाताओं की निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन

सुकमा, 12 नवम्बर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर को किया गया। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संदर्भ में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-90 कोंटा के कुल 1,60,049 मतदाताओं की निर्वाचक नामावली प्रकाशित की गई है। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई।
   निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्वाचक नामावली के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा 04 जनवरी 2027 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन होगा। पुनरीक्षण के दौरान पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने, फॉर्म-7 के जरिए नाम विलोपन अथवा आपत्ति दर्ज कराने तथा फॉर्म-8 के माध्यम से नाम, पता, आयु, फोटो सहित अन्य विवरणों में संशोधन एवं निवास स्थान परिवर्तन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
मतदाता सेवाओं को बनाया गया सुगम, ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी  (BLO) से संपर्क कर निर्धारित प्रपत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा Voter Service Portal और Voter Helpline App के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने तथा आवेदन की स्थिति जानने की सुविधा भी उपलब्ध है। प्रशासन द्वारा पुनरीक्षण प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नागरिकों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रक्रिया से अवगत कराया गया है।
   कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमित कुमार ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रकाशित निर्वाचक नामावली में अपना एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अनिवार्य रूप से जांच लें। किसी पात्र नागरिक का नाम छूटने, दर्ज विवरण में त्रुटि होने अथवा किसी प्रकार की आपत्ति की स्थिति में 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन प्रस्तुत करें। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और प्रत्येक पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग कर सके। इस अवसर पर सभी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

About The Author