अन्नदाताओं के स्वागत को तैयार सुकमा

सुकमा, 12 नवम्बर 2026/sns/- खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सुकमा जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान शुरू होने जा रहा है, जो 15 जनवरी 2027 तक चलेगा। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिले के सभी 27 धान उपार्जन केंद्रों पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इस खरीफ वर्ष में किसानों की सुविधा को देखते हुए बुड़दी और बड़ेसेट्टी में दो नए उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं। प्रशासन ने पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वास्तविक अन्नदाताओं और बीज उत्पादक किसानों को प्राथमिकता दी है, जबकि ट्रस्ट, निजी कंपनियों और समितियों को खरीदी के दायरे से बाहर रखा गया है।   इस वर्ष जिले के 18,641 पंजीकृत किसान अपने 36,389.55 हेक्टेयर रकबे का धान बेच सकेंगे। शासन के निर्देशानुसार किसान प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान विक्रय कर पाएंगे, जिसके लिए कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान का मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। किसानों को केंद्रों के चक्कर लगाने से बचाने के लिए “तुम्हर टोकन“ मोबाइल एप की सुविधा दी गई है, जिससे वे घर बैठे ही अपनी सुविधानुसार टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
अवैध धान परिवहन और भंडारण पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त निगरानी तंत्र तैयार किया है। जिले और अंतर्राज्यीय सीमावर्ती इलाकों में 14 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, साथ ही सभी सातों तहसीलों में उड़नदस्ता दलों की तैनाती की गई है। ये दल सीमा पार से आने वाले अवैध धान और बिचौलियों की गतिविधियों पर 24 घंटे पैनी नजर रखेंगे ताकि स्थानीय किसानों का हक सुरक्षित रहे।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी उपार्जन केंद्रों पर बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता के साथ-साथ किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठक की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए किसानों का धान सुव्यवस्थित ढंग से खरीदा जाएगा।

About The Author