विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 को लेकर 12 नवंबर को होगी राजनीतिक दलों की बैठक
सुकमा, 10 नवम्बर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन को लेकर जिला प्रशासन सुकमा द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में 12 नवंबर 2026 (गुरुवार) को प्रातः 11 बजे जिला कार्यालय सुकमा के सभाकक्ष में उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया एवं मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में जानकारी साझा की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सहभागितापूर्ण बनाने के उद्देश्य से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की गई है। प्रतिनिधि स्वयं अथवा अपने अधिकृत कार्यकर्ता को निर्धारित तिथि एवं समय पर जिला कार्यालय के सभाकक्ष में उपस्थित होने के लिए नामित कर सकते हैं।