अग्निवीर वायुसेना भर्ती के लिए युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन, 18 से 21 नवंबर तक जिले में लगेंगे विशेष शिविर
मोहला, 16 नवंबर 2026/sns/- भारतीय वायुसेना में अग्निवीर वायु पद पर भर्ती के इच्छुक युवाओं को भर्ती प्रक्रिया एवं आवश्यक योग्यताओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जिले में विशेष मार्गदर्शन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र राजनांदगांव द्वारा अग्निवीर वायुसेना के अधिकारियों के माध्यम से 18 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में मार्गदर्शन शिविर आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर को दोपहर 3 से 4 बजे तक लाल श्यामशाह शासकीय महाविद्यालय मोहला में शिविर आयोजित होगा। 19 नवंबर को दोपहर 12 से 1 बजे तक शासकीय नवीन महाविद्यालय मानपुर तथा दोपहर 3 से 4 बजे तक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मानपुर में युवाओं को मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसी प्रकार 21 नवंबर को सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक शासकीय लाल चक्रधर शाह महाविद्यालय, अंबागढ़ चौकी में शिविर आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों में ऐसे युवा शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने हायर सेकेंडरी, आईटीआई अथवा तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम उत्तीर्ण किया हो तथा जिनकी आयु 17½ वर्ष से 22 वर्ष के मध्य हो। शिविर में युवाओं को अग्निवीर वायुसेना भर्ती से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र ने जिले के इच्छुक एवं पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी निर्धारित शिविर स्थल पर समयानुसार पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं।