जिला स्तरीय युवा उत्सव में युवाओं ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

मुंगेली, 19 नवंबर 2026/sns/- युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने, उनकी कला एवं सांस्कृतिक अभिरुचियों को प्रोत्साहित करने तथा लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में जिला स्तरीय युवा उत्सव स्पर्धा का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने विभिन्न विधाओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। युवा उत्सव के अंतर्गत कविता लेखन, चित्रकला, लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं पारंपरिक वेशभूषा जैसी विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक कौशल एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से आयोजन को जीवंत बना दिया।
वरिष्ठ खेल अधिकारी ने बताया कि कविता लेखन विधा में शकुन यादव ने प्रथम, पूर्णिमा जायसवाल ने द्वितीय तथा जमुना सिंह ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में तुलसी केंवट प्रथम, काजल यादव द्वितीय एवं संजना तृतीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार लोकगीत प्रतियोगिता में निलेश साहू एवं साथी ने प्रथम तथा प्रमोद कुमार एवं साथी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य प्रतियोगिता में घनश्याम डहरिया एवं साथी प्रथम, उमाशंकर खाण्डे एवं साथी द्वितीय तथा खेलन दास एवं साथी तृतीय स्थान पर रहे। नुक्कड़ नाटक विधा में साक्षी सोनी एवं उनके साथियों ने जीत हासिल किया। वहीं पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में रजनी जायसवाल ने प्रथम, रोशनी यादव ने द्वितीय तथा प्रेम डाहिरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

About The Author