जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में विभिन्न विकास एवं जनहित के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
अम्बिकापुर, 19 नवम्बर 2026/sns/- जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देव नारायण यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, कृषि तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने, किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग की गतिविधियों तथा किसानों और पशुपालकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था, पोषण एवं महिला-बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। वहीं कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों के निर्माण एवं रखरखाव तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दे भी बैठक के प्रमुख विषय रहे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देव नारायण यादव ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने की अपेक्षा की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं और आमजन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान करना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की तथा सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न विषयों पर आवश्यक जानकारी एवं सुझाव साझा किए।
बैठक में जिले के समग्र विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के संबंध में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की गई।