सुकमा में संवेदनशील प्रशासन की सराहनीय पहल
सुकमा, 20 नवम्बर 2026/sns/- जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और बाल संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के चलते गुरुवार को एक 6 वर्षीय बालक के जीवन में खुशियों की नई सुबह आई। कलेक्टर श्री अमित कुमार द्वारा प्रदान किए गए आदेश एवं जिला बाल कल्याण समिति सुकमा के निर्देशानुसार, फॉस्टर केयर (पालन-पोषण देखरेख) हेतु चिन्हित इस बालक का एक परिवार में सफलतापूर्वक प्लेसमेंट किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने इस अवसर पर बालक को अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए उसके सुरक्षित, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 एवं शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए यह संपूर्ण वैधानिक प्रक्रिया संपन्न की गई। इस मानवीय कार्य में जिला बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई सुकमा तथा सी.ई.ए.सी. का विशेष समन्वय रहा। बाल कल्याण समिति सुकमा के अध्यक्ष श्री गिरीश कुमार तथा सदस्य श्रीमती राधिका साहू, श्रीमती प्रमिला राव एवं श्रीमती गीता के आदेशानुसार बालक को पारिवारिक परिवेश सौंपने की यह औपचारिकता पूरी की गई।
प्लेसमेंट के दौरान बालक के चेहरे पर नई उमंग और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। वहीं, बालक को अपनाने वाली पोषक माता ने भी वात्सल्य भाव के साथ उसके सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी पूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त की। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बालक को नए पारिवारिक जीवन की शुरुआत के लिए तथा पोषक माता को मातृत्व की इस सुखद अनुभूति के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री जितेंद्र सिंह बघेल, संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत) सुश्री मनीषा शर्मा, संभागीय अधिकारी (सी.ई.ए.सी.) श्री रमेश कुमार, चाइल्ड हेल्पलाइन परामर्शदाता श्रीमती लखेश्वरी एवं समस्त चाइल्डलाइन स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। जिला प्रशासन की यह सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों को संस्थागत देखरेख से निकालकर एक सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है।