तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत संकुल प्रभारियों एवं समन्वयकों को दिया गया प्रशिक्षण

कवर्धा, 20 नवंबर 2026/sns/- राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत विकासखंड कवर्धा के समस्त संकुल प्रभारियों एवं समन्वयकों के लिए तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान एवं कोटपा अधिनियम 2003 विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू नियंत्रण संबंधी प्रावधानों की जानकारी देना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।
प्रशिक्षण के दौरान जिला नोडल अधिकारी डॉ. रोशनी पटेल ने तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों, इसके कारण होने वाली गंभीर बीमारियों तथा कोटपा अधिनियम 2003 की प्रमुख धाराओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों एवं युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाना आवश्यक है। इसके लिए विद्यालय परिसर में तंबाकू निषेध संबंधी सूचना बोर्ड लगाना, शैक्षणिक संस्थान की 100 गज की परिधि में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित करना तथा तंबाकू मॉनिटर नियुक्त करना जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं समुदाय के बीच नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने पर भी जोर दिया, ताकि तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके। प्रशिक्षण में उपस्थित संकुल प्रभारियों एवं समन्वयकों को अपने-अपने क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण तथा युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रखने के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, जिला सलाहकार आकांक्षा लिखार एवं श्री गौरव सोनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाना, बच्चों एवं युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना तथा तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर स्वस्थ एवं तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना है।

About The Author