कोदो, कुटकी, रागी और गन्ना फसल पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ी

कवर्धा, 20 नवंबर 2026/sns/- जिले के कोदो, कुटकी, रागी एवं गन्ना उत्पादक किसानों के लिए राहत की खबर है। राज्य शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत एकीकृत किसान पोर्टल पर फसल पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब किसान कोदो, कुटकी एवं रागी फसलों का पंजीयन 30 दिसंबर 2026 तक तथा गन्ना फसल का पंजीयन 31 मार्च 2027 तक करा सकेंगे। उप संचालक कृषि श्री अजय कुमार अनंत ने बताया कि समर्थन मूल्य पर उपार्जन तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से पंजीयन की अवधि बढ़ाई गई है। ऐसे किसान जो किसी कारणवश अब तक अपनी फसलों का पंजीयन नहीं करा पाए हैं, वे निर्धारित बढ़ी हुई अवधि में अपना पंजीयन अवश्य पूर्ण करा लें।
किसान अपने संबंधित क्षेत्र की सेवा सहकारी समिति (सोसायटी) में पहुंचकर एकीकृत किसान पोर्टल पर नवीन पंजीयन, रकबा संशोधन और कैरी फॉरवर्ड का कार्य करा सकते हैं। इसके लिए ऋण पुस्तिका (बी-1/खसरा), आधार कार्ड की छायाप्रति, आधार सीडेड एवं डीबीटी सक्रिय बैंक खाते की पासबुक तथा मोबाइल नंबर साथ लेकर जाना अनिवार्य है। फसल पंजीयन के दौरान कोदो, कुटकी, रागी एवं गन्ना का वास्तविक रकबा दर्ज कराना जरूरी है। इसके लिए गिरदावरी और डिजिटल क्रॉप सर्वे  के आंकड़ों का मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पंजीयन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर किसान संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा समिति प्रबंधक से संपर्क कर सुधार करा सकते हैं।
उप संचालक कृषि श्री अजय कुमार अनंत ने जिले के सभी कोदो, कुटकी, रागी एवं गन्ना उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपने नजदीकी सेवा सहकारी समिति में पहुंचकर फसल पंजीयन की प्रक्रिया जल्द पूरी कराएं। इससे भविष्य में समर्थन मूल्य पर उपार्जन तथा शासन की ओर से मिलने वाली बोनस एवं आदान सहायता राशि का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

About The Author