‘तुहंर टोकन’ ऐप से घर बैठे कट रहा धान विक्रय का टोकन, किसानों को मिली बड़ी राहत


अम्बिकापुर, 23 नवम्बर 2026/ sns/-   किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को सरल और सुविधाजनक बनाया गया है।  ‘तुहंर टोकन’ ऐप के माध्यम से किसान अब घर बैठे अपने मोबाइल से धान विक्रय के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इस सुविधा से किसानों को समिति के चक्कर लगाने और टोकन कटवाने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। घर बैठे टोकन मिलने से किसानों का समय, श्रम और आने-जाने का खर्च बच रहा है।

शासन की इस डिजिटल सुविधा का लाभ ग्राम पंचायत मुड़ेसा के  रहने वाले किसान ठाकुर प्रसाद के परिवार को भी मिल रहा है। उन्होंने अपनी माता श्रीमती समुद्री बाई के नाम से मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन टोकन काटा है। परिवार के पास लगभग 100 क्विंटल धान विक्रय का रकबा है, जिसमें से फिलहाल 40 क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त किया है। शेष धान के लिए आगामी दिनों में टोकन काटेंगे।

किसान ठाकुर प्रसाद ने बताया कि पहले धान विक्रय के लिए टोकन कटवाने में काफी परेशानी होती थी। किसानों को समिति तक जाना पड़ता था और इसमें समय भी लगता था। अब मोबाइल के माध्यम से घर बैठे टोकन काटने की सुविधा मिलने से काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि समिति में धान खरीदी की व्यवस्था भी बहुत अच्छी चल रही है। ऑनलाइन टोकन की सुविधा से किसानों की परेशानी कम हुई है और पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान हो गई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन ने किसानों को मोबाइल से टोकन काटने की अच्छी सुविधा दी है। इससे किसान खुश और संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मूल्य मिलने से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है। वर्तमान में महंगाई के कारण खेती-किसानी और घरेलू जरूरतों का खर्च बढ़ा है। ऐसे में धान का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिल रही है।

प्रदेश सरकार द्वारा धान खरीदी व्यवस्था में तकनीक के उपयोग से किसानों की सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। ‘तुहंर टोकन’ ऐप इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसान अपनी सुविधानुसार घर बैठे धान विक्रय का टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, सुगमता और किसानों की सहभागिता को बढ़ावा मिल रहा है। शासन की किसान हितैषी व्यवस्था से किसानों में संतोष और उत्साह का माहौल है।

About The Author