दुग्ध उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आमदनी, पंडरा पथरा दुग्ध समिति को मिलेगा बीएमसी
बिलासपुर, 25 नवंबर 2026/sns/- दुग्ध उत्पादन को किसानों की नियमित आमदनी का मजबूत जरिया बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर कल 26 नवंबर को बेलगहना क्षेत्र के ग्राम पंडरा पथरा में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सहकारी दुग्ध समिति को दूध के सुरक्षित संग्रहण के लिए बल्क मिल्क कूलर (बीएमसी) सौंपा जाएगा। समारोह में कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव और संयुक्त संचालक पशुपालन डॉ. जीएसएस तंवर शामिल होंगे।
देवभोग सहकारी डेयरी के माध्यम से संचालित पंडरा पथरा दुग्ध संग्रहण केन्द्र में वर्तमान में लगभग 200 लीटर दूध संग्रहित होता है। बीएमसी की सुविधा मिलने से दूध को ठंडा कर उसकी गुणवत्ता बनाए रखने और खराब होने की आशंका कम करने में मदद मिलेगी। इससे किसानों के दूध का सुरक्षित संग्रहण और आगे आपूर्ति की व्यवस्था बेहतर होगी। यह सुविधा क्षेत्र में दुग्ध व्यवसाय के विस्तार और अधिक किसानों को इससे जोड़ने में सहायक होगी।
कार्यक्रम में समिति को दूध देने वाले लगभग 200 किसानों की संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। विशेषज्ञ उन्हें स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन, सुरक्षित संग्रहण और विपणन का विशेष प्रशिक्षण देंगे। किसानों को बताया जाएगा कि बेहतर प्रबंधन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर वे अपनी आमदनी में किस तरह वृद्धि कर सकते हैं। संगोष्ठी का उद्देश्य किसानों को उत्पादन से बाजार तक की प्रक्रिया की जानकारी देकर दुग्ध व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर गांव के प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल के बच्चों को स्थानीय स्तर पर तैयार फ्लेवर्ड मिल्क भी परोसा जाएगा। आयोजन के माध्यम से स्थानीय दुग्ध उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ बच्चों में दूध के सेवन के प्रति रुचि बढ़ाई जाएगी।