सुकमा के ‘छिंद गुड़’ से बदलेगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की तस्वीर, राष्ट्रीय बाजारों में दस्तक देने को तैयार

सुकमा, 25 नवम्बर 2026/sns/- जिला प्रशासन सुकमा द्वारा स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के मूल्यवर्धन और आदिवासी परिवारों की आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल की गई है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में एनआरएलएमदृबिहान के अंतर्गत 14 सदस्यीय दल ने पश्चिम बंगाल के जयनगर में छिंद गुड़ उत्पादन का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया। मैजिक टेरेन फाउंडेशन एवं जे.सी. कुमारप्पा टेक्नोलॉजी पार्क एंड इनोवेशन सेंटर एलएलपी के सहयोग से आयोजित इस भ्रमण का नेतृत्व पीपीआईए जिला लीड अर्कजा कुठियाला एवं पीआरपी संगीता नेताम ने किया, जिसके तहत 12 नवंबर को रवाना हुआ दल 20 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक सुकमा लौट आया है।
छह दिवसीय गहन प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने उन्नत एवं पारंपरिक तकनीक के समन्वय से उपयुक्त छिंद पेड़ों की पहचान, स्वच्छ रस संग्रहण, ठोस व तरल गुड़ निर्माण, गुणवत्ता परीक्षण, भंडारण, आकर्षक पैकेजिंग और विपणन के व्यावहारिक गुर सीखे। इसके साथ ही दल ने सुंदरबन क्षेत्र में बाजार सर्वेक्षण किया और छिंद के पत्तों, मक्के के अवशेषों, ताड़ के फल, बेल तथा प्राकृतिक घास से पर्यावरण-अनुकूल सजावटी हस्तशिल्प तैयार कर विदेशों में निर्यात करने वाली इकाइयों का भी अवलोकन किया। इस भ्रमण की सबसे सुखद एवं प्रेरक उपलब्धि यह रही कि दल के कई सदस्यों ने जीवन में पहली बार रेल यात्रा कर सुकमा की सीमाओं से बाहर कदम रखा और कोलकाता शहर व तारामंडल के भ्रमण के साथ विकास के नए क्षितिज देखे।
जिले में छिंद (वन खजूर) के पेड़ों की प्रचुर उपलब्धता को देखते हुए गत वर्ष पांच ग्रामों में संचालित सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब प्रशासन इसे व्यापक स्वरूप देने जा रहा है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, महज तीन माह की उत्पादन अवधि में प्रति प्रतिभागी 25 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की अतिरिक्त आय अर्जित करने की प्रबल संभावना है। इसके अतिरिक्त, पश्चिम बंगाल की तर्ज पर स्थानीय वनोपज और कृषि अवशेषों से हस्तशिल्प निर्माण की संभावनाएं भी ग्रामीणों के लिए आय का एक नया और स्थायी द्वार खोलेंगी।
सुकमा वापसी पर सभी प्रतिभागियों ने कलेक्टर श्री अमित कुमार से भेंट कर अपने अनुभव साझा किए, जहाँ उन्हें प्रशिक्षण एवं अनुभव प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन की इस दूरदर्शी कार्ययोजना के तहत अब जल्द ही ‘सुकमा छिंद गुड़’ के नाम से एक विशिष्ट ब्रांड स्थापित किया जाएगा, जिसके माध्यम से गुणवत्ता प्रमाणित ठोस गुड़, तरल गुड़, गुड़ क्यूब और गुड़ पाउडर को बड़े बाजारों तक पहुंचाया जाएगा। प्रशासन के इस सार्थक प्रयास से न केवल सुकमा के प्राकृतिक उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में भी ऐतिहासिक सुधार होगा।

About The Author