ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश
सुकमा, 25 नवम्बर 2026/sns/- जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति की बैठक बुधवार को जिला पंचायत सभा कक्ष में अध्यक्ष श्रीमती मंगम्मा सोयम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान तथा समग्र ग्रामीण विकास योजना की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण, पंचायत भवनों के निर्माण तथा अन्य अधोसंरचना संबंधी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। अध्यक्ष श्रीमती सोयम ने लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों की आजीविका संवर्धन, स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता गतिविधियों तथा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के जरिए पंचायतों को सशक्त बनाने से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन इस तरह हो कि ग्रामीणों को उनका प्रत्यक्ष लाभ मिले। इसके लिए अधिकारियों को नियमित निगरानी और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित ग्रामीण विकास से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई। पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री महेश कुंजाम, जिला पंचायत सदस्य, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सामान्य प्रशासन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।