ग्राम पंचायत ढोंढरा और गादीरास में बनेगा सर्वसुविधायुक्त महतारी सदन
सुकमा, 25 नवम्बर 2026/sns/- जिले के ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और मातृशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन और जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत श्मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजनाश् और श्महतारी सदन योजनाश् के तहत कुल 89 लाख 20 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इन निर्माण कार्यों की मंजूरी से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक सुव्यवस्थित मंच मिल सकेगा।
ग्रामीण संपर्कता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से श्मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजनाश् के अंतर्गत विकासखंड कोन्टा की ग्राम पंचायत सेन्दुरगुड़ा में कुल 29 लाख 20 हजार रुपये के तीन महत्वपूर्ण निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसमें सुशासन परिसर से सामुदायिक भवन तक सी.सी. रोड निर्माण के लिए 5.20 लाख रुपये, तुंगावागू मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 12 लाख रुपये तथा आरलापेन्टा मार्ग में पुलिया निर्माण के लिए 12 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है। इन सड़कों और पुलियों के बन जाने से ग्रामीणों को विशेषकर बारिश के मौसम में होने वाली आवागमन की कठिनाइयों से बड़ी राहत मिलेगी।
महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए श्महतारी सदन योजनाश् के तहत कुल 60 लाख रुपये की लागत से दो महतारी सदनों के निर्माण को हरी झंडी दी गई है। इसके अंतर्गत विकासखंड कोन्टा की ग्राम पंचायत ढोंढरा में 30 लाख रुपये तथा विकासखंड सुकमा की ग्राम पंचायत गादीरास में 30 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा। यह भवन स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकों, प्रशिक्षण और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के संचालन का प्रमुख केंद्र बनेगा।
प्रशासन ने इन सभी विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता और समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया है। जिला पंचायत द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि समस्त निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों और प्राक्कलन के अनुरूप पारदर्शिता के साथ संपन्न कराए जाएं, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा और त्वरित लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सके।