प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने अधिकारियों को सौंपा गया प्रभार
मुंगेली, 25 नवंबर 2026/sns/- कार्यालयीन कार्यों के सुचारू संचालन एवं प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। जारी आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मृणमयी शुक्ला को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यंत अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के तहत अपर कलेक्टर श्री पैकरा को प्रभारी अधिकारी, जिला नाजरात शाखा का प्रभार दिया गया है। वे शासन के नियमों एवं निर्देशों के अनुरूप जिला कार्यालय के दूरभाष, विद्युत, पी.ओ.एल. तथा वाहन मरम्मत से संबंधित देयकों की स्वीकृति की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसी प्रकार डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मृणमयी शुक्ला को प्रभारी अधिकारी, वित्त-स्थापना शाखा का प्रभार सौंपा गया है। वे वित्त-स्थापना शाखा के अंतर्गत छत्तीसगढ़ वित्तीय संहिता के नियमों तथा छत्तीसगढ़ कोषालय संहिता भाग-1 के सहायक नियम 125 के तहत समस्त देयकों के आहरण एवं संवितरण अधिकारी के रूप में कार्य करेंगी। जारी आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है। दोनों अधिकारी अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ सौंपे गए अतिरिक्त प्रभार का आगामी आदेश तक निर्वहन करेंगे।