पिपरिया में मेगा हेल्थ कैम्प से 403 मरीजों को मिली बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, 13 यूनिट रक्तदान
कवर्धा, 26 नवंबर 2026/sns/- ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया में मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा की पहल पर आयोजित इस शिविर में 403 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। शिविर में गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच और सोनोग्राफी से लेकर नेत्र, अस्थि एवं दंत रोगों का परीक्षण किया गया। साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 13 यूनिट रक्तदान कर लोगों ने मानव सेवा का संदेश दिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कबीरधाम के निर्देशानुसार आयोजित इस मेगा हेल्थ कैम्प में जिला स्तर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पिपरिया पहुंची। शिविर के माध्यम से ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इसका उद्देश्य मरीजों को समय पर स्वास्थ्य जांच, बीमारी की पहचान और आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना था।
गर्भवती माताओं को जांच और सोनोग्राफी की सुविधा
शिविर में गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया। कुल 164 गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा 118 की निःशुल्क सोनोग्राफी की गई। इसके अलावा अस्थि रोग विशेषज्ञ द्वारा 32 मरीजों की जांच की गई। नेत्र विभाग ने 38 मरीजों का परीक्षण किया, जबकि दंत विभाग द्वारा 32 मरीजों को जांच एवं उपचार की सुविधा प्रदान की गई। सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं सहित शिविर में कुल 403 मरीजों का ओपीडी एवं उपचार किया गया।
13 यूनिट रक्तदान कर लोगों ने दिया मानव सेवा का संदेश
स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के साथ शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान की व्यवस्था भी की गई। इसमें स्थानीय नागरिकों एवं रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और कुल 13 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदाताओं की इस सहभागिता ने शिविर को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सामाजिक सरोकार से भी जोड़ा।
स्वास्थ्य टीम के समन्वय से सफल हुआ आयोजन
शिविर में पहुंचे लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद चंद्रवंशी के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों, जिला स्वास्थ्य टीम, फील्ड स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं मितानिन प्रशिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।