संविधान दिवस पर मेरा युवा भारत ने आयोजित किया विकसित भारत युवा संवाद
कवर्धा, 26 नवंबर 2026/sns/- संविधान दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत, जिला कवर्धा द्वारा शासकीय कन्या महाविद्यालय, कवर्धा में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 200 युवाओं एवं छात्राओं ने भाग लेकर विकसित भारत/2047, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और नशामुक्त भारत के महत्व पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में युवाओं को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य से अवगत कराया गया। साथ ही गरीबी उन्मूलन, सामाजिक-आर्थिक विकास और स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में युवा प्रेरक सुश्री अदिति मिश्रा एवं खेल प्रेरक सुश्री हेमलता पोर्ते ने अपनी जीवन यात्रा, संघर्षों और उपलब्धियों के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। संविधान दिवस पर सभी प्रतिभागियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राध्यापक श्रीमती प्रीति सिंह परिहार का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। मेरा युवा भारत, कवर्धा द्वारा उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।