शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र सेवा का प्रशिक्षण प्रदान किया गया
दुर्ग, 26 नवंबर 2026/ sns/- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशनुसार सेवा सेतु के माध्यम से शासकीय विद्यालयों में स्थानांतरण प्रमाण पत्र सेवा को ऑनलाइन एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से 26 नवंबर को रूंगटा डेंटल कॉलेज में जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उक्त प्रशिक्षण में जिले के लगभग 150 शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान स्थानांतरण प्रमाण पत्र सेवा के ऑनलाइन आवेदन, पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निराकरण एवं संबंधित कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान ही उपस्थित समस्त प्राचार्यों का डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट रजिस्ट्रेशन तथा फिजिकल सिग्नेचर अपलोड करने का कार्य भी संपन्न कराया गया, जिससे आगामी समय में विद्यालय स्तर पर प्राप्त आवेदनों का ऑनलाइन माध्यम से समयबद्ध एवं सुचारू रूप से निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। इस पहल से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा शासकीय विद्यालयों में सेवा प्रदायगी की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल एवं डिजिटल होगी। जिला प्रशासन द्वारा शासकीय सेवाओं को डिजिटल माध्यम से आम नागरिकों तक सरलता एवं सुगमता से उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।