खेल से मिलता है आत्मविश्वास, अच्छा स्वास्थ्य, अनुशासन, योग्यता और सम्मानः अरुण साव
अम्बिकापुर, 26 नवम्बर 2026/ sns/- ‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के प्रेरक संदेश के साथ संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 का आज पीजी कॉलेज मैदान अम्बिकापुर में भव्य शुभारंभ हुआ। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, युवाओं में अनुशासन एवं खेल भावना विकसित करने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित इस आयोजन में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। शुभारंभ समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संचालक श्रीमती आकांक्षा खलखो, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल तथा जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रोमा श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
4 लाख 16 हजार से अधिक युवाओं का पंजीयन, खेलों के प्रति बढ़ा उत्साह
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल खिलाड़ी तैयार करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित, आत्मविश्वासी और बेहतर इंसान बनाने का अवसर भी है। इस वर्ष सरगुजा ओलंपिक के लिए 4 लाख 16 हजार 813 युवाओं ने पंजीयन कराया है, जो क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और जागरूकता को दर्शाता है। खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट ने सभी को खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरगुजा खेलों के माध्यम से आगे बढ़ रहा है और यहां की प्रतिभाएं अपनी पहचान बना रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के माध्यम से खेलों के विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने खेलों के लिए लीग आयोजन की पहल की है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। वहीं स्पोर्ट्स साइंस और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक की राशि से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप खेलों के क्षेत्र में भी सभी विधाओं का विकास किया जा रहा है। आने वाले समय में प्रदेश से और अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
खेल मैदान से कोई खाली हाथ नहीं लौटता, सरगुजा में जल्द खुलेगी खेल अकादमी
श्री साव ने कहा कि खेल के मैदान से कोई भी व्यक्ति खाली हाथ नहीं लौटता। खेल से आत्मविश्वास, अच्छा स्वास्थ्य, अनुशासन, योग्यता और सम्मान मिलता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में खेल को शामिल करना चाहिए और नियमित रूप से खेल मैदान में पसीना बहाना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि सरगुजा में शीघ्र ही खेल अकादमी प्रारंभ की जाएगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकेंगे।
इस अवसर पर उन्होंने सरगुजा ओलंपिक की मशाल प्रज्वलित कर संभाग स्तरीय आयोजन के शुभारंभ की विधिवत घोषणा की। साथ ही सभी खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की शपथ दिलाई गई। शुभारंभ के साथ ही जशपुर और बलरामपुर की टीमों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसने मैदान में उत्साह का माहौल बना दिया।
गांव के खेल मैदान से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बनेगा अवसर: राजेश अग्रवाल
संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की खेल उपलब्धियां हम सभी के लिए गर्व और सम्मान का विषय हैं। गांव के खेल मैदान से शुरू हुआ खिलाड़ियों का यह सफर निश्चित रूप से उन्हें बेहतर भविष्य की ओर ले जाएगा। सरगुजा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का जो अवसर मिल रहा है, उससे उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
खेल में भागीदारी ही सबसे बड़ी उपलब्धि, मेहनत और ईमानदारी से करें प्रदर्शन: प्रबोध मिंज
लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने कहा कि बस्तर ओलंपिक के बाद सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का नया अवसर मिल रहा है। पढ़ाई के साथ खेल भी दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। सरगुजा अंचल में प्राकृतिक रूप से प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, जिन्हें उचित मंच और प्रशिक्षण मिलने पर वे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार-जीत जीवन का हिस्सा है, लेकिन प्रतियोगिता में भाग लेना और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना सबसे महत्वपूर्ण है। सभी खिलाड़ी पूरी ईमानदारी, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में शामिल हों। उन्होंने विश्वास जताया कि सरगुजा के खिलाड़ी आने वाले समय में राज्य, अंतरराज्यीय और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ विभिन्न खेलों के लिए प्रशिक्षण अकादमी की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सरगुजा ओलंपिक 2026 के माध्यम से संभाग के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का व्यापक मंच मिल रहा है। ‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ का संदेश खिलाड़ियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और क्षेत्र के गौरव को बढ़ाने का संकल्प जगा रहा है।