स्पेलिंग बी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया भाषाई कौशल
सुकमा, 27 नवम्बर 2026/sns/- विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने, शब्द ज्ञान और उच्चारण कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्रीय विद्यालय सुकमा में रचनात्मक अधिगम गतिविधियों के अंतर्गत स्पेलिंग बी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 21 से 26 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी भाषाई दक्षता, शब्दावली और वर्तनी ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का परिणाम 27 नवंबर को घोषित किया गया।
प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में चंद्र किरण सलामे (कक्षा VII-A) ने प्रथम, अभिधा गुप्ता (कक्षा VI-A) ने द्वितीय तथा शिवांगी पटेल (कक्षा VI-B) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में हर्ष वर्धन साहू (कक्षा IX-B) प्रथम, उत्कर्ष नायक (कक्षा VIII-A) द्वितीय तथा वी. वेंकट साई (कक्षा IX-A) तृतीय स्थान पर रहे। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रभारी प्राचार्य श्री दिनेश कुमार ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, भाषाई दक्षता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। प्रतियोगिता का आयोजन अंग्रेजी विभाग द्वारा अंग्रेजी विषय शिक्षक श्री राहुल सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।