विशेष ग्रामों में छोटे भू-खण्डों पर वर्गमीटर दर लागू करने की तैयारी तेज

कलेक्टर ने ली जिला मूल्यांकन समिति की बैठक

मुंगेली, 16 जनवरी 2026/sns/- विशेष ग्रामों में छोटे भू-खण्डों के लिए वर्गमीटर आधार पर गाइडलाइन दर लागू करने तथा नवीन गाइडलाइन दरों की समीक्षा के संबंध में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग एवं महानिरीक्षक पंजीयन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के परिपालन पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि मंत्रीपरिषद के निर्णय के अनुरूप विशेष ग्रामों में छोटे भू-खण्डों के लिए वर्गमीटर आधार पर गाइडलाइन दर लागू किए जाने की प्रक्रिया को शीघ्र और पारदर्शी ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवीन गाइडलाइन दरों के अनुरूप विशेष समीक्षा कर विस्तृत कारणों सहित प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने अन्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्राप्त सुझावों और ज्ञापनों के आधार पर भी समुचित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भू-खण्ड मूल्य में वृद्धि का प्रस्ताव शासन की गाइडलाइन के अनुरूप, ठोस तथ्यों और कारणों के साथ ही प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने सभी संशोधित प्रस्तावों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इस पहल से भू-खण्ड मूल्यांकन में पारदर्शिता, व्यवहारिकता और आम नागरिकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित होगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *