CG-ACE योजना के तहत अम्बिकापुर में प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग संस्थाओं के इम्पैनलमेंट हेतु निविदा आमंत्रित
अम्बिकापुर 23 नवम्बर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ सहायक प्रतियोगी परीक्षा (CG-ACE) योजना 2026 के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के चयनित अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु अम्बिकापुर शहर में प्रतिष्ठित निजी कोचिंग संस्थाओं के इम्पैनलमेंट के लिए निविदा आमंत्रित की गई है।
योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को IBPS (बैंकिंग सेवा), रेलवे, एसएससी एवं छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन बोर्ड (CGSSB) द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य अभ्यर्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक रूप से सक्षम बनाना तथा परिणाममूलक सफलता सुनिश्चित करना है।
अम्बिकापुर के लिए कुल 125 प्रशिक्षण सीटें निर्धारित की गई हैं, जिनमें अनुसूचित जनजाति के लिए 50, अनुसूचित जाति के लिए 30 तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 45 सीटें शामिल हैं। चयनित कोचिंग संस्थाओं को दो वर्ष के लिए इम्पैनल किया जाएगा। इस अवधि में संस्थाओं को अनुबंधित दर पर निर्धारित छह-छह माह के प्रशिक्षण सत्र संचालित करने होंगे। विशेष परिस्थितियों में इम्पैनलमेंट की अवधि अधिकतम एक वर्ष अथवा एक सत्र के लिए बढ़ाई जा सकेगी।
निविदा में भाग लेने वाली संस्थाओं को आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, नवा रायपुर अटल नगर के पक्ष में एक लाख रुपये की न्यूनतम अमानत राशि एफडीआर के रूप में जमा करनी होगी तथा इसकी मूल प्रति संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी।
इम्पैनलमेंट हेतु प्रस्ताव तीन लिफाफा पद्धति में प्रत्येक प्रशिक्षण केंद्र के लिए पृथक सीलबंद लिफाफे में कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, ब्लॉक-04 डी, भूतल, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर में पंजीकृत डाक अथवा विशेष वाहक के माध्यम से 14 दिसंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक जमा किए जा सकते हैं। निर्धारित समय के बाद प्राप्त प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
योजना एवं निविदा से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट http://eklavya.cg.nic.in पर उपलब्ध है।