नक्सल पीड़ितों को बड़ी राहतः 6 हितग्राहियों को 90 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत

बीजापुर, 18 मार्च 2026/sns/-छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल पुनर्वास नीति के तहत नक्सल प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत देते हुए प्रशासन ने 6 पीड़ितों को कुल 90 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। प्रत्येक हितग्राही को 15-15 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, बीजापुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह सहायता उन नक्सल पीड़ित परिवारों को दी जा रही है, जिनके सदस्य नक्सली हिंसा के कारण मृत, घायल या स्थायी रूप से प्रभावित हुए हैं। शासन की नीति के तहत ऐसे मामलों में शासकीय सेवा के स्थान पर आर्थिक सहायता प्रदान करने का प्रावधान है।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार यह राशि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद आत्मसमर्पण पीड़ित राहत पुनर्वास नीति 2025 के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। इसमें उन परिवारों को प्राथमिकता दी गई है, जिन्हें किसी कारणवश शासकीय सेवा का लाभ नहीं मिल सका। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्वीकृत राशि का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर राहत मिल सके। यह सहायता राशि उनके पुनर्वास एवं जीवनयापन में महत्वपूर्ण सहारा साबित होगी। प्रशासन की इस पहल को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही उनके जीवन में स्थिरता लाने में मदद मिलेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *